
बिलासपुर। सिरगिटटी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बहुस्तरीय जांच के आधार पर सब्जी मंडी रोड तिफरा में मिली अधजली लाश के रहस्य से पर्दा उठाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 07 नवंबर 2025 का है, जब होटल ग्रैण्ड लोटस के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात पुरुष का अधजला शव बरामद हुआ था। शव की पहचान के लिए राज्यभर में इश्तहार जारी किए गए और विभिन्न थानों में दर्ज गुम इंसान रिपोर्टों से मिलान किया गया।
जांच के दौरान मिले टावर डंप और मोबाइल लोकेशन डेटा ने पुलिस को मृतक के परिजनों तक पहुंचने में बड़ी मदद की। मृतक की पहचान गोपाल पिता मुन्ना कोल, उम्र 26 वर्ष, निवासी सेमिया नेवारी, थाना जुगैल, जिला सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई। एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिरगिटटी, सिविल लाइन, सरकंडा, तारबाहर, ACCU और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित जांच के निर्देश दिए।
आरोपीयों के नाम
1 अरुण दास मानिकपुरी, पिता सुम्मत दास, उम्र 30 वर्ष, पता – अभिलाषा परिसर तिफरा/स्थायी पता– बड़े भटली, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
2 धनेश लोधी उर्फ राजू, पिता सिद्वराम लोधी, उम्र 34 वर्ष, निवासी यातायात नगर वार्ड-08 तिफरा।

लगातार पड़ताल में सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक सब्जी मंडी रोड के किनारे शराब पी रहा था। उसी दौरान आरोपी अरुण दास मानिकपुरी और धनेश लोधी उर्फ राजू वहां पहुंचे। शराब पीने के दौरान मृतक और धनेश के बीच विवाद बढ़ा, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने गोपाल की पिटाई कर दी और पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव व कपड़ों को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया। दोनों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




