Raipur

नस काटने के बाद फांसी ससुराल प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या मंजूषा गोस्वामी..

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां गणपति नगर, चंगोराभाठा निवासी मंजूषा गोस्वामी (26) ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले मंजूषा ने एक भावुक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपने पति आशिष गोस्वामी, देवर अभिषेक गोस्वामी, सास और ससुर पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए।

मंजूषा का विवाह 16 जनवरी 2025 को हुआ था। शादी को अभी मात्र 10 महीने ही हुए थे। 21 अक्टूबर को उसने कमरे का दरवाजा बंद कर पहले अपनी कलाई की नस काटी और फिर फांसी लगा ली। जब घरवालों ने काफी देर तक कोई हलचल नहीं देखी तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां मंजूषा फंदे पर लटकी मिली।

वीडियो में मंजूषा ने कहा — “मेरा पति, देवर, सास और ससुर मिलकर मुझे रोज़ प्रताड़ित करते हैं। मेरे पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। शादी के बाद से अब तक मैंने एक दिन भी सुख से नहीं बिताया। इन चारों के कारण ही मैं यह कदम उठा रही हूं।” वीडियो में उसने बताया कि पति आए दिन झगड़ा करता था और सास-ससुर उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे।

घटना की जानकारी मिलते ही डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने बेटी का वीडियो सबूत के रूप में पुलिस को सौंपा है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (Abetment of Suicide) का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सभी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। मोबाइल और सोशल मीडिया की डिजिटल जांच भी कराई जा रही है ताकि प्रताड़ना की सच्चाई सामने आ सके।

मंजूषा की मौत ने एक बार फिर समाज में यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्यों शादी के बाद भी महिलाओं को मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।

Back to top button

You cannot copy content of this page