सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई: देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर आयोजक व संचालक गिरफ्तार .

बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में देर रात तेज ध्वनि में डीजे/धूमाल बजाकर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजक एवं डीजे संचालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से साउंड सिस्टम, साज-सज्जा सामग्री तथा वाहन भी जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 20 फरवरी 2026 को यदुनंदन नगर सेक्टर-डी स्थित राजवाड़ा पैलेश में एक वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था। बरात पक्ष की ओर से खेडा निवासी गजेन्द्र वर्मा (38 वर्ष) द्वारा उस्लापुर निवासी डीजे संचालक राकेश मनहर उर्फ राकेश भाई को कार्यक्रम में डीजे धूमाल बजाने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान राजवाड़ा पैलेश के सामने अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था।

रात्रि लगभग 10:40 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था बहाल कराई और डीजे बंद कराया। जांच में पाया गया कि तेज ध्वनि प्रसारण से सार्वजनिक शांति भंग हो रही थी तथा मार्ग अवरुद्ध हो रहा था।
इस पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 177/2026 धारा 126(2) बीएनएस तथा 4, 6, 15 छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आयोजक गजेन्द्र वर्मा एवं डीजे संचालक राकेश मनहर को गिरफ्तार किया गया। वाहन क्रमांक CG 10 BU 6855 में लगे साउंड सिस्टम एवं सजावटी उपकरणों को जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से ध्वनि नियमों का पालन करने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।




