सरगुजा में तहसीलदार पति पर दहेज और प्रताड़ना का आरोप, गर्भपात करवाने का भी आरोप, महिला सीएम से मिलने पहुंची ..

सरगुजा ।सरगुजा की रहने वाली रेणु गुप्ता नामक महिला ने अपने तहसीलदार पति राहुल गुप्ता पर दहेज की मांग और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वर्ष 2022 में उसकी शादी विधि-विधान से राहुल गुप्ता से हुई थी, जो वर्तमान में बस्तर में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। रेणु गुप्ता के अनुसार शादी के समय उसके परिवार ने 50 लाख रुपये दहेज स्वरूप दिए थे, इसके बावजूद उसके ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त 25 लाख रुपये की मांग की जाने लगी।
महिला ने आरोप लगाया कि दहेज की रकम नहीं देने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया और जब उसने विरोध किया तो उसके पति ने उसका जबरन गर्भपात भी करवा दिया। इस घटना के बाद रेणु गुप्ता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके तहत 29 अक्टूबर को सुनवाई तय की गई थी। लेकिन पति राहुल गुप्ता सुनवाई में उपस्थित नहीं हुए।
कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिला पहले एसपी से मिलने पहुंची और बाद में सरगुजा दौरे पर आए पुर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने उसे मुख्यमंत्री से मिलने से पहले रोक लिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसके पति को दोबारा नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।