सरकंडा

सरकण्डा में अवैध हुक्का बार पर पुलिस छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार .

बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत सरकण्डा पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संचालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सरकण्डा क्षेत्र में आर्यन पब्लिक स्कूल के पास की गई, जहां चोरी-छिपे हुक्का बार संचालित किया जा रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य द्वारा क्षेत्र में सतत पेट्रोलिंग एवं अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। 27 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अथर्व पाण्डेय अपने घर में सिगरेट व तंबाकू युक्त फ्लेवर मिलाकर प्रति घंटे 500 रुपये लेकर हुक्का पिलाने का अवैध कारोबार चला रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां अथर्व पाण्डेय अपने साथियों विनित एलानी, किन्सु विश्वास, यथार्थ कश्यप और समीर पटेल के साथ हुक्का पीते पाया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हुक्का पॉट, कोल हीटर, फ्लेवर डिब्बा तथा अन्य हुक्का सामग्री बरामद की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध कोटपा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page