
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने मोबाइल के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले जामताड़ा (झारखंड) के एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी ने ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर Any Desk App डाउनलोड कराकर पीड़िता के बैंक खाते से 1,99,778 रुपये की ठगी की थी। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के क्रम में की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोनी में अपराध क्रमांक 406/2022 धारा 420 भा.दं.वि. एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थीया ने मेशू एप के माध्यम से ऑनलाइन खरीदारी की थी। सामान वापसी के लिए जब उसने हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया, तो दूसरे मोबाइल नंबर से कॉल कर आरोपी ने सामान और पैसा वापस कराने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने Any Desk App डाउनलोड करवा कर प्रार्थीया के ग्रामीण एवं सहकारी बैंक खाते से 1,99,778 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और बैंक खाते की जानकारी जुटाई। जांच में खाता बाबूधन कर्मकार, निवासी ग्राम झपदाहा, जिला जामताड़ा (झारखंड) के नाम से पाया गया। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर गवाहों के समक्ष पूछताछ की गई, जिसमें उसने एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर बंधन बैंक, राजनगर, वीरभूम (पश्चिम बंगाल) में खाता खोलकर लोगों से धोखाधड़ी कर पैसा ट्रांसफर कर निकालना स्वीकार किया। खाते से रजिस्टर्ड मोबाइल फोन को जप्त कर लिया गया है।
आरोपी के विरुद्ध विधिवत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं अन्य आरोपी की पतासाजी जारी है।
कोनी पुलिस की जनअपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऐप पर भरोसा न करें। धोखाधड़ी या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें।




