छत्तीसगढ़बिलासपुर

बैंक कर्मी से मारपीट प्रकरण में सुस्ती, कर्मचारियों ने की तुरंत गिरफ्तारी की मांग .

बिलासपुर । सदर बाजार गोंडपारा स्थित केनरा बैंक के कर्मचारी अभिनव सेनगुप्ता के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना 13 नवंबर 2025 की है, जब बैंक के सामने ही राहुल सराफ और विमंत सराफ द्वारा कर्मचारी से मारपीट और गाली–गालौच किए जाने की शिकायत थाना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने FIR क्रमांक 0620/2025 तो दर्ज कर ली, लेकिन आरोपियों पर सिर्फ जमानती धाराएं लगाए जाने और गिरफ्तारी न होने से बैंक कर्मचारियों में नाराज़गी है।

केनरा बैंक, जो भारत सरकार का उपक्रम है, उसके कर्मचारी पर ऑन ड्यूटी हमले को गंभीर अपराध माना जाता है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस द्वारा जानबूझकर हल्की धाराएं लगाई गईं, जबकि यह मामला लोकसेवक पर हमला की श्रेणी में आता है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपियों का मनोबल बढ़ेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराए जाने का खतरा बना रहेगा।

पीड़ित कर्मचारी और केनरा बैंक स्टाफ ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों पर उचित धाराएं जोड़कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि बैंक कर्मचारी भयमुक्त होकर अपना काम कर सकें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page