बेलगहना में नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, भेजा गया जेल ..

बिलासपुर / चौकी बेलगहना थाना कोटा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी मनीष कांशीपुरी पिता सोनू कांशीपुरी, निवासी बहेरामुड़ा, चौकी बेलगहना थाना कोटा जिला बिलासपुर (छ.ग.) द्वारा नाबालिग पीड़िता का जबरन हाथ पकड़कर गलत नीयत से छेड़छाड़ की गई। घटना के बाद पीड़िता एवं परिजनों द्वारा तत्काल चौकी बेलगहना में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलगहना पुलिस ने तुरंत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की गई।
दिनांक 21 जनवरी 2026 को पुलिस द्वारा आरोपी मनीष कांशीपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।




