बेलगहना पुलिस ने 24 लीटर महुआ शराब सहित आरोपी को पकड़ा, आबकारी एक्ट में कार्रवाई .

बिलासपुर/ चौकी बेलगहना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह द्वारा चलाए जा रहे “चेतना अभियान” के तहत नशे के कारोबार पर रोक लगाने के निर्देशों के पालन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में 22 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम टेंगनमाड़ा करवा स्थित धान मंडी के पास दबिश दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सफीक खान पिता हिकमत उल्ला खान (42 वर्ष), निवासी टेंगनमाड़ा करवा, चौकी बेलगहना को अवैध रूप से महुआ शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से दो अलग-अलग जरीकेन एवं बोतलों में कुल 24 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब तथा 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। जप्त मशरूका की कुल कीमत 2600 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 00/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन बदमाश है तथा उसके विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी एक्ट के कई प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र कुमार पात्रे, आरक्षक धीरज जायसवाल एवं कौशल बिन्झवार का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



