
बिलासपुर / बेपरवाह स्टंटबाजी एक बार फिर सुर्खियों में है। स्मार्ट सिटी में यातायात अनुशासन पहले से ही बड़ी चुनौती बना हुआ है, ऐसे में नए रिवरव्यू रोड पर एक युवक का चलती कार की छत और बोनट पर बैठकर रील बनाना लोगों को हैरान कर गया। वायरल वीडियो में युवक बिना किसी सुरक्षा के कार के सनरूफ से बाहर निकलकर पोज देता दिख रहा है। कार पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं दिखाई दे रही, जबकि पीछे से वाहन तेज रफ्तार में गुजरते नजर आते हैं।
लोगों का कहना है कि शहर में न तो रफ्तार सीमा का पालन हो रहा है और न ही किसी तरह की सख्ती दिख रही है। ऐसे में युवक का खुलेआम स्टंट करना सुरक्षा नियमों को खुली चुनौती जैसा है। हाईकोर्ट की कड़ी टिप्पणियों और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इस तरह के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। पहले बाइक पर खतरनाक स्टंट के कई वीडियो वायरल हुए थे, अब कार की छत पर बैठकर रील बनाने की इस सनक ने सभी को चौंका दिया।
वीडियो सामने आते ही बिलासपुर पुलिस सक्रिय हो गई है। फुटेज, लोकेशन और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे स्टंट न सिर्फ खुद की बल्कि राहगीरों की जान को भी जोखिम में डालते हैं और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहरवासी भी प्रशासन से सख्त कदम की मांग कर रहे हैं ताकि रिवरव्यू रोड जैसे लोकप्रिय स्थलों पर इस तरह की लापरवाही और स्टंटबाजी पर लगाम लग सके।




