
बिलासपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने बिलासपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22, 23 और 24 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया, जिसमें बिना हेलमेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कड़ा शिकंजा कसा गया।

अभियान के दौरान पहले से चिन्हित स्थानों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। यातायात पुलिस और थाना स्टाफ ने संयुक्त रूप से दोपहिया चालकों को रोक कर उनकी जांच की। हेलमेट न पहनने वाले चालकों को मौके पर ही चालान किया गया, वहीं शराब पीकर वाहन चला रहे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 174 दोपहिया चालकों के खिलाफ बिना हेलमेट वाहन चलाने पर चालान काटा गया। वहीं 46 मामलों में धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि राहगीरों के लिए भी बेहद खतरनाक है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएँ। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई होती रहेगी।




