प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह, गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा युवक, भाइयों और रिश्तेदारों ने पीट-पीटकर कर दी हत्या ..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की उसकी गर्लफ्रेंड के भाइयों और रिश्तेदारों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना 30 अक्टूबर की सुबह की है। मृतक की पहचान विक्की उर्फ धीरज सरोज (25) के रूप में हुई है, जो खुर्सीपार इलाके का ही रहने वाला था।
जानकारी के मुताबिक, विक्की का मोहल्ले की एक युवती से प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन युवती की मां किसी काम से बाहर गई थी और उसका भाई सूरज भी घर पर नहीं था। इस दौरान विक्की अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। युवती ने पहले मना किया, पर वह नहीं माना और जबरदस्ती अंदर चला गया। कुछ देर बाद जब सूरज घर लौटा तो उसने दोनों को साथ देखा और गुस्से में दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद उसने अपने मामा के बेटे सुधांशु और तीन अन्य रिश्तेदारों को बुला लिया।
सभी ने मिलकर दरवाजा खुलवाया और विक्की की बुरी तरह पिटाई कर दी। इस दौरान सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने घर से खून के धब्बे और अन्य सबूत जब्त किए हैं।
मृतक की मां शोभा सरोज ने पुलिस को दिए बयान में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, “मेरे बेटे को बुलाकर जाल में फंसाया गया और मार दिया गया। जब मैं वहां पहुंची तो मेरा बेटा खून से लथपथ पड़ा था, मुझे वहां से भगा दिया गया।”
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की जांच ऑनर किलिंग के एंगल से भी कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों का कहना है कि विक्की शांत और मिलनसार स्वभाव का था, जबकि युवती का परिवार इस रिश्ते को समाज में बदनामी का डर बताकर नकार रहा था। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि प्रेम संबंधों में असहमति कैसे हिंसा और हत्या का रूप ले सकती है।