छत्तीसगढ़बिलासपुर

निरतु स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की चपेट में आया नाबालिग कर्मचारी, मौके पर मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश .

बिलासपुर। शहर से लगे निरतु गांव में सोमवार सुबह कॉल बेनिफिकेशन स्टील एंड पावर प्लांट के अंदर एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना घट गई। कोयला परिवहन में लगे एक भारी ट्रेलर ने बैक करते हुए प्लांट में कार्यरत नाबालिग कर्मचारी खगेश पटेल, पिता गोवर्धन पटेल, निवासी निरतु को अपनी चपेट में ले लिया। पहिए के नीचे आने से खगेश का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक कोयला खाली कर लौट रहा था। वाहन को रिवर्स करते समय चालक ने पीछे खड़े खगेश को नहीं देखा और ट्रेलर तेजी से पीछे ले गया। देखते ही देखते ट्रेलर का पिछला पहिया सीधे खगेश पर चढ़ गया। हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद कर्मचारी और ग्रामीण दहशत में आ गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। मौके पर पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इस संबंध में कंपनी प्रबंधन का कहना है कि हादसा बेहद दुखद है। कंपनी के मालिक ने बताया कि चालक की गलती साफ नजर आ रही है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्लांट के सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

यह दर्दनाक घटना न सिर्फ सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाती है, बल्कि प्लांट में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page