
बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सरकंडा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर लगातार पेट्रोलिंग एवं भ्रमण किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन/सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से क्षेत्र में निगरानी कर रही थी।

दिनांक 16 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ईमलीभाठा क्षेत्र में एक युवक सार्वजनिक स्थान पर धारदार लोहे का बटनवाला चाकू लेकर लहरा रहा है और आने-जाने वाले राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां आरोपी संजू दुबे उर्फ संजू बाबा पिता अनूप दुबे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ईमलीभाठा, पीएम आवास ब्लॉक नंबर 22, थाना सरकंडा को चाकू लहराते हुए पाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से धारदार बटनदार चाकू जप्त किया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।




