छत्तीसगढ़बिलासपुर

थाना सरकण्डा का आकस्मिक निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्य पर पुलिसकर्मियों को मिलेगा ईनाम .

बिलासपुर। आज दिनांक 20 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा थाना सरकण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए ऑपरेटर से प्रणाली अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। रिकॉर्ड संधारण एवं अद्यतन स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर सीसीटीएनएस आरक्षक रविशंकर ध्रुव को उत्कृष्ट कार्य के लिए ईनाम देने की घोषणा की गई।

रीडर शाखा के निरीक्षण के दौरान पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। दिसंबर माह से पूर्व का कोई भी पासपोर्ट सत्यापन लंबित नहीं पाया गया तथा चरित्र सत्यापन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किए जाने पर रीडर आरक्षक लालबहादुर कुर्रे को ईनाम देने की अनुशंसा की गई।

विवेचक कक्ष के निरीक्षण में पुराने लंबित अपराधों की जानकारी ली गई। सउनि प्रवीण लाल एवं प्र.आर. राजेश्वर छत्री के पास वर्ष 2024 एवं उससे पूर्व का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं पाया गया, जबकि वर्ष 2025 का मात्र एक-एक प्रकरण लंबित होने पर दोनों को ईनाम देने की घोषणा की गई। अन्य विवेचकों को भी शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बीट क्षेत्रों में सतत गश्त, चोरी-नकबजनी पर नियंत्रण तथा त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु विगत दिनों 35 बदमाशों पर कार्यवाही की गई है। आज ही 6 बदमाशों पर धारा 170 बीएनएसएस एवं 1 बदमाश पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।

आर्म्स एक्ट की सफल कार्यवाही पर प्र.आर. विजय पाण्डे तथा थाना के समग्र संचालन से संतुष्ट होकर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य को नगद ईनाम देने की घोषणा की गई। निरीक्षण के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों को और बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page