
बिलासपुर। थाना तखतपुर पुलिस ने बकरी चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक बकरा, एक बकरी तथा बकरियों की बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 जनवरी 2026 को ग्राम बेलसरी निवासी कुंज बिहारी पटेल (39 वर्ष) ने थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात चोर ने उसके घर में बने कोठा का ताला तोड़कर 7 नग बकरी-बकरा चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर थाना तखतपुर में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक पाण्डेय के नेतृत्व में संदिग्धों की पतासाजी की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कुरानकांपा रोड तखतपुर में चोरी के बकरा-बकरी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम ने दबिश देकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजाराम सागर पिता सतानंद सागर (23 वर्ष) निवासी ग्राम कोसमा, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली बताया और चोरी की घटना स्वीकार की।
आरोपी के पास से एक बकरा, एक बकरी एवं शेष बकरियों की बिक्री से प्राप्त 10,000 रुपये नकद जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक 1065 गंगाधर कंवर, आरक्षक 191 आशीष वस्त्रकार एवं आरक्षक 1230 चन्द्रशेखर मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।




