
बिलासपुर। श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 26 दिसंबर 2025 को चौकी बेलगहना क्षेत्र अंतर्गत संरक्षित जनजाति बैगा बाहुल्य ग्राम दारसागर–कुपाबांधा झरना में ‘चेतना’ जनजागरूकता अभियान के तहत ‘सियान चेतना सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को सशक्त करना रहा। इस अवसर पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक संघ एवं समाजसेवी संस्था के पदाधिकारी डॉ. देवरस जी सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को ‘सियान चेतना सम्मान’ के अंतर्गत कंबल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों को स्वेटर, स्कूल बैग एवं कॉपियां वितरित की गईं, जिससे वरिष्ठजनों में उत्साह एवं आत्मसम्मान की भावना प्रबल हुई तथा बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले संरक्षित बैगा जनजाति के सदस्यों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति तथा यातायात नियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अनजान कॉल, लिंक या किसी प्रकार के लालच में आकर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम में महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से समाज को सदैव सही दिशा मिलती रहती है।




