घर में घुसकर वृद्ध महिला से मारपीट करने वाला आरोपी कोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया .

बिलासपुर / थाना कोटा क्षेत्र में घर में घुसकर एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पथर्रा निवासी प्रेमदास मानिकपुरी (28 वर्ष) ने दिनांक 08 जनवरी 2026 को पुराने विवाद को लेकर एक वृद्ध महिला के घर में घुसकर हाथ-मुक्कों और चप्पल से मारपीट की थी, जिससे महिला को चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता थाना कोटा पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट पर धारा 333, 296, 351(2), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
चेतना अभियान के तहत अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के पालन में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद से फरार आरोपी को दिनांक 25 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, सहायक उप निरीक्षक नहारू राम साहू, आरक्षक 212 प्रफुल्ल यादव तथा आरक्षक 1136 दीप सिंह कंवर की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा महिलाओं एवं बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




