
बिलासपुर / नगर निगम बिलासपुर ने कोनी क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि शहर में नियम विरुद्ध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे द्वारा शहर में चल रहे विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कोनी में अवैध प्लाटिंग की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निर्देश मिलते ही नगर निगम की अतिक्रमण शाखा एवं जोन क्रमांक 8 की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से विकसित किए जा रहे प्लाटों में बनाए गए मार्ग को तोड़ दिया गया, साथ ही लगाए गए पोल एवं अन्य अवैध संरचनाओं को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार कोनी क्षेत्र में खसरा नंबर 235 में भूमि स्वामी केशव पाण्डेय, वीणा पाण्डेय, अभिषेक पाण्डेय एवं अंकित पाण्डेय द्वारा लगभग दो एकड़ भूमि में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके अलावा गुड़ाखू फैक्ट्री के सामने एवं कंचन विहार के पीछे खसरा नंबर 191/1, 191/2, 191/3, 191/4, 191/5 एवं 191/6 में धीरेन्द्र पाण्डेय की भूमि पर स्वयंराज बिल्डर द्वारा लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। दोनों ही मामलों में निगम द्वारा कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि अवैध प्लाटिंग एवं नियम विरुद्ध निर्माण पर आगे भी निरंतर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, व्यापार विहार क्षेत्र में भी नियम विरुद्ध भवन निर्माण के मामलों में कार्रवाई करते हुए प्लेनेटेरियम के पास कैलाश माघवानी तथा व्यापार विहार बी-9 क्षेत्र में आशीष अग्रवाल, अमर अग्रवाल एवं अभिषेक अग्रवाल को नोटिस जारी किया गया है।




