
बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोनी पुलिस द्वारा आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने, संभावित घटनाओं को रोकने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर निगरानी एवं त्वरित कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कोनी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए शांति भंग करने एवं अपराध घटित करने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए चार गुंडा बदमाशों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
आरोपियों के नाम
1 रवि कौशिक पिता स्व. सगरिया कौशिक, उम्र 26 वर्ष, निवासी देवनगर छोटी कोनी, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
2 सिद्धांत खरे पिता स्व. दयालदास खरे, उम्र 22 वर्ष, निवासी सेंदरी, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
3 गोलू मोची पिता फूलसिंह मोची, उम्र 30 वर्ष, निवासी तुर्काडीह चौक, बड़ी कोनी, जिला बिलासपुर।
4 दीपक पात्रे पिता रामकुशल, उम्र 48 वर्ष, निवासी सेंदरी, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
पुलिस के अनुसार, उक्त सभी आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं तथा इनके कारण क्षेत्र में अशांति की संभावना बनी रहती थी। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित अपराधों को रोकने में सफलता मिली है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को प्रतिबंधित करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई।
कोनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।




