कोटा पुलिस की कार्रवाई: गांजा बिक्री करने वाली महिला गिरफ्तार, 5.66 लाख की जप्ती

बिलासपुर / थाना कोटा पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा बिक्री करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 900 ग्राम गांजा तथा भारी मात्रा में नगद रकम जप्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने हेतु पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गनियारी के वर्मा मोहल्ला में एक महिला गांजा बेचकर अवैध धन अर्जित कर रही है।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी श्रीमती काजल वर्मा (25 वर्ष) पति कुनानू उर्फ नानू वर्मा, निवासी वर्मा मोहल्ला, ग्राम गनियारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 900 ग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹40,000) तथा ₹5,26,000 नगद बिक्री रकम जप्त की। कुल जप्त संपत्ति ₹5,66,000 आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



