
बिलासपुर। रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के लिए उपलब्ध कराए जा रहे फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) की श्रृंखला का खुलासा करते हुए 6 माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक विश्वकर्मा (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कलचुरी स्कूल हेमूनगर बिलासपुर का निवासी है, जो वर्तमान में रायपुर के अमलीडीह क्षेत्र में रह रहा था।
रेंज साइबर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 09/25, 12/25, 13/25, 14/25 और 16/25 में आरोपी की तलाश की जा रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी गिरोह को 5 से 10 हजार रुपये प्रति खाते के कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराता था। फरारी के दौरान वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए रेलवे में कोच अटेंडर बनकर यूपी, दिल्ली और भोपाल तक यात्रा कर अपने साथियों को म्यूल अकाउंट पहुंचाता था।
पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल में रिपोर्टेड संदिग्ध खातों की जांच कर कई पीड़ितों से जानकारी जुटाई। बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेनदेन, एक ही व्यक्ति के नाम पर खोले गए कई खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिह्नांकित किया गया। पूछताछ में दीपक ने स्वीकार किया कि पहले अपने नाम पर कई बैंक खाते खुलवाए, बाद में अन्य लोगों को कमिशन का लालच देकर खाते प्राप्त कर साइबर फ्रॉड गिरोह तक पहुंचाता था।
कार्रवाई में सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह के निर्देशन तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




