एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार .

बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक स्थित ‘इंडिया वन’ एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी लव कुमार जोगी (19 वर्ष) सिरगिट्टी के कोरमी गांव का निवासी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 27 जनवरी 2026 की रात की है। बन्नाक चौक स्थित एटीएम में एक अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की नीयत से मशीन में जमकर तोड़फोड़ की थी। हालांकि, आरोपी कैश चोरी करने में नाकाम रहा, लेकिन मशीन को काफी नुकसान पहुँचाया। प्रार्थी की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 305(ए) और 62 के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी किशोर केंवट ने एक विशेष टीम गठित की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी बीच, 30 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिरगिट्टी बस्ती में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




