अवैध शराब बिक्री करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 36 पाव देशी शराब जप्त .

बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बीट क्रमांक 02 क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 36 पाव देशी शराब एवं बिक्री रकम जप्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सकरी के बीट क्रमांक 02 में पदस्थ आरक्षक सज्जू अली एवं रामचंद्र कश्यप बीट भ्रमण पर थे। इसी दौरान उन्हें चोरभट्ठी खुर्द खजुरी रोड के पास अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बीट प्रभारी को अवगत कराया गया एवं मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान आरोपी शुभम वासुदेव पिता कैलाश वासुदेव उम्र 23 वर्ष निवासी काठाकोनी थाना सकरी जिला बिलासपुर को पकड़ा गया। आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 36 पाव (6.480 लीटर) देशी शराब जिसकी कीमत ₹3240 आंकी गई, साथ ही बिक्री की नगद रकम ₹200 बरामद की गई। पुलिस ने शराब एवं नकदी को जप्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 143/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है।
उक्त सराहनीय कार्यवाही पर श्रीमान पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा संबंधित बीट स्टाफ को प्रोत्साहन स्वरूप उपयुक्त ईनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



