
बिलासपुर / अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिला है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित ‘श्रेष्ठ योजना’ के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु 30 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना के तहत देशभर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 11वीं में विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। चयन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा (NETS) के माध्यम से किया जाएगा। यह परीक्षा दिसंबर 2025 में आयोजित होने की संभावना है।
श्रेष्ठ योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ समान अवसर प्रदान करना है, ताकि वे समाज में आगे बढ़ सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। इस योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष लगभग 3,000 नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। चयनित विद्यार्थी कक्षा 12वीं तक अपनी शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क प्राप्त करते हैं, जिसमें ट्यूशन, हॉस्टल और अन्य आवश्यक सुविधाएँ भी शामिल रहती हैं।
इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकते हैं। सामाजिक न्याय मंत्रालय ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर बेहतर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।




