
अकलतरा । मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान करन केवट से हुई थी और दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती थी। इस दौरान आरोपी ने युवती को शादी का प्रलोभन देकर विश्वास में लिया और एक दिन कार में घुमाने के बहाने उसे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां जबरन अनाचार किया।
जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने साहस जुटाकर अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 563/2025 के तहत धारा 64(2)(M) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
महिला से जुड़े इस गंभीर अपराध को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मामले की त्वरित जांच के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी व मुखबिर की मदद से आरोपी को सीपत क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




